जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के आकाशदीप प्लाजा के समीप सोमवार को हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक सवार आकाशदीप प्लाजा के समीप से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बाइक सवार सड़क पर गिर गया। इसी बीच पीछे से आ रहे एक बड़े वाहन का पिछला चक्का उसके ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है, ताकि दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान की जा सके। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है और वह कहां का रहने वाला था, इसकी भी जानकारी पुलिस को नहीं मिल सकी है। पुलिस शव की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है। घटना को लेकर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
