जमशेदपुर : एमजीएम थाना पुलिस ने एमजीएम मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल से लैपटॉप चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के मानगो स्थित घर से चोरी किया गया डेल कंपनी का लैपटॉप भी बरामद किया है। जानकारी के अनुसार, सर्वेश मीणा ने 7 अप्रैल 2026 को एमजीएम थाना में कांड संख्या 48/2026 दर्ज कराया था। उन्होंने हॉस्टल के कमरे से अज्ञात व्यक्ति द्वारा लैपटॉप चोरी किए जाने की शिकायत की थी।

वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर के निर्देश पर एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास के नेतृत्व में छापामारी दल गठित किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय सूचना के आधार पर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को चोरी में पवन कुमार के शामिल होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने 11 अगस्त 2026 को मानगो स्थित उसके आवास पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर उसके घर की गोदरेज अलमारी से चोरी किया गया डेल कंपनी का लैपटॉप बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने चोरी की बात स्वीकार की है। आरोपी ने बताया कि वह पहले ब्लिंकिट कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता था। 28 मार्च 2026 की रात सामान पहुंचाने के लिए वह एमजीएम मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल गया था। डिलीवरी करने के बाद वापस लौटते समय उसने एक कमरे का दरवाजा खुला देखा। कमरे के बाहर नीचे रखा लैपटॉप देखकर उसने मौका पाकर उसे अपने बैग में रख लिया और घर ले जाकर अलमारी में छिपा दिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान करीब 30 वर्षीय पवन कुमार, पिता कमला कांत मिश्रा, निवासी गुरुद्वारा रोड, शिव मंदिर के पास, मानगो, जमशेदपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से चोरी का डेल कंपनी का लैपटॉप बरामद किया है। छापामारी दल में एमजीएम थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक सचिन कुमार दास, पुलिस अवर निरीक्षक आनंद कुमार तथा एमजीएम थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
