रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने संबोधन में राज्य के युवाओं को भरोसा दिलाया कि भर्ती परीक्षाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता, भ्रष्टाचार या प्रश्नपत्र लीक को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नौकरी के अभ्यर्थियों की वर्षों की मेहनत और उनके परिवारों के संघर्ष का सम्मान करना सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी है. मुख्यमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है, जब झारखंड में भर्ती परीक्षा प्रक्रिया में सुधार और कथित अनियमितताओं की जांच की मांग को लेकर विद्यार्थियों का आंदोलन 22वें दिन भी जारी है। सोरेन ने कहा कि राज्य की भर्ती एजेंसियों के माध्यम से युवाओं के लिए रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि झारखंड के लाखों युवा अपने सपनों को पूरा करने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। उनके माता-पिता भी अपनी सामर्थ्य से बढ़कर उन्हें शिक्षित कर रहे हैं। ऐसे में उनकी मेहनत का सम्मान और उनकी प्रतिभा के साथ न्याय सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है. मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल के दिनों में भर्ती परीक्षाओं को लेकर कई सवाल उठे हैं। परीक्षा प्रणाली पर सवाल खड़े होने से केवल एक परीक्षा प्रभावित नहीं होती, बल्कि पूरी पीढ़ी का भरोसा डगमगा जाता है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी छात्र की मेहनत को प्रश्नपत्र लीक माफिया, भ्रष्ट व्यवस्था या किसी भी तरह की अनियमितता की भेंट नहीं चढ़ने दिया जाएगा।
हर कथित अनियमितता की होगी निष्पक्ष जांच……
हेमंत सोरेन ने कहा कि प्रश्नपत्र लीक की समस्या अब केवल किसी एक राज्य की नहीं, बल्कि पूरे देश के सामने एक गंभीर चुनौती बन चुकी है। हालांकि, दूसरे राज्यों में हुई घटनाओं का हवाला देकर झारखंड अपनी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हट सकता। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में सामने आने वाली हर कथित अनियमितता की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कार्रवाई करते समय किसी व्यक्ति को बिना प्रमाण दोषी नहीं ठहराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल दोषियों को पकड़ना ही समस्या का समाधान नहीं है, बल्कि ऐसी व्यवस्था तैयार करनी होगी, जिसमें भविष्य में परीक्षा में गड़बड़ी की कोई गुंजाइश न रहे।
परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार पर जोर……
मुख्यमंत्री ने भर्ती परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की आवश्यकता पर जोर देते हुए समयबद्ध वार्षिक परीक्षा कैलेंडर लागू करने, तकनीकी रूप से सुरक्षित परीक्षा प्रणाली विकसित करने, उत्तर कुंजी और ओएमआर शीट का समय पर प्रकाशन तथा परीक्षा प्रक्रिया के विभिन्न स्तरों पर जवाबदेही तय करने जैसे उपायों की बात कही. उन्होंने बताया कि परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए सरकार छात्रों, शिक्षकों, शिक्षाविदों और अभिभावकों से सुझाव ले रही है। इसके लिए ‘स्टूडेंट्स वॉयस विद स्टूडेंट्स’ अभियान भी शुरू किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की चिंताओं और सुझावों को व्यवस्था में सुधार का महत्वपूर्ण आधार बनाया जाएगा।
युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर देने का दावा….
हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के लिए रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और विश्वसनीय बनाने के साथ-साथ राज्य की भर्ती एजेंसियों के माध्यम से रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध कराने पर सरकार का विशेष जोर रहेगा।


























































