रांची : झारखंड पुलिस के समक्ष पिछले महीने आत्मसमर्पण करने वाले 16 माओवादियों में शामिल इतवारी मांझी उर्फ सोनोत की रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में इलाज के दौरान मौत हो गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की। मृतक की उम्र 26 वर्ष थी और वह प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के पोलित ब्यूरो सदस्य मिसिर बेसरा का अंगरक्षक रह चुका था।

पुलिस के अनुसार, गिरिडीह जिले के मोहनपुर गांव निवासी इतवारी मांझी ने पिछले महीने अन्य माओवादियों के साथ पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद उसे हजारीबाग ओपन जेल में स्थानांतरित किया गया था। वहां जाने के कुछ दिनों बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. अधिकारी ने बताया कि मांझी को तेज बुखार और अत्यधिक कमजोरी की शिकायत के बाद 2 अगस्त को हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसबीएमसीएच) में भर्ती कराया गया था। अस्पताल के मेडिकल बोर्ड ने 4 अगस्त को उसकी हालत को देखते हुए उच्च स्तरीय चिकित्सा के लिए रेफर करने की सलाह दी. इसके बाद बेहतर इलाज के लिए मांझी को 7 अगस्त को रांची स्थित रिम्स में भर्ती कराया गया। महानिरीक्षक (अभियान) नरेंद्र सिंह ने बताया कि इलाज के दौरान गुरुवार को रिम्स में उसकी मौत हो गई।
मिसिर बेसरा का अंगरक्षक था मांझी…..
पुलिस के मुताबिक, इतवारी मांझी प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के पोलित ब्यूरो सदस्य मिसिर बेसरा का अंगरक्षक था। मिसिर बेसरा पर 2.2 करोड़ रुपये से अधिक का इनाम घोषित है और वह करीब 175 मामलों में वांछित बताया जाता है. मांझी की मौत के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने आत्मसमर्पण करने वाले अन्य माओवादियों की स्वास्थ्य स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी है।
