जमशेदपुर : मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गालूडीह थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गालूडीह बैराज के समीप कैनाल रोड पर कार्रवाई करते हुए करीब 11 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस दौरान बाइक सवार तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके पास से एक ग्लैमर मोटरसाइकिल और काले रंग का हेलमेट भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग उड़ीसा से मोटरसाइकिल के जरिए गांजा लेकर गालूडीह होते हुए जमशेदपुर की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के नेतृत्व में गालूडीह थाना पुलिस एवं सशस्त्र बल की टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर गालूडीह बैराज के पास कैनाल रोड पर घेराबंदी की। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 11 किलो गांजा बरामद हुआ. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमेश कुमार सिंह (43), श्याम नाथ राय (38) और बाबूलाल यादव (50) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से गांजा के कारोबार में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से ग्लैमर मोटरसाइकिल संख्या JH05BF-3463 और एक काले रंग का हेलमेट भी जब्त किया है. इस मामले में गालूडीह थाना कांड संख्या 17/2026, दिनांक 15 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने धारा 111(4) बीएनएस एवं 20(b)(ii)(B)/22/29 एनडीपीएस एक्ट, 1985 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच एवं छापेमारी जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसे जमशेदपुर में किसे पहुंचाया जाना था।
छापेमारी दल में ये रहे शामिल…..
कार्रवाई में पु०अ०नि० अजय बागे, स०अ०नि० संजय कुमार रूर मिंज के अलावा गालूडीह थाना रिजर्व गार्ड एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।



























































