जमशेदपुर : बहुचर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में घाघीडीह जेल में बंद भाजपा नेता सह डीडी बार संचालक नीरज सिंह की जमानत याचिका पर बुधवार को एडीजे-2 की अदालत में सुनवाई हुई। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने जमानत पर फैसला सुनाने के लिए 21 अगस्त की तारीख निर्धारित की है। अब सभी की नजरें अदालत के फैसले पर टिकी हैं. सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से अधिवक्ता निखिलेश त्रिपाठी ने अदालत के समक्ष अपनी दलीलें रखीं। इससे एक दिन पहले मंगलवार को बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता प्रकाश झा ने नीरज सिंह के पक्ष में जमानत को लेकर अपना पक्ष रखा था।

27 जून की रात हुआ था जानलेवा हमला…..
गौरतलब है कि 27 जून की रात बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के पास आदित्यपुर निवासी हिमांशु सिंह और उसके साथी प्रत्युष सिंह पर युवकों ने चापड़ समेत अन्य हथियारों से हमला कर दिया था। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हुए थे। इलाज के दौरान हिमांशु सिंह की मौत हो गई थी, जबकि प्रत्युष सिंह का इलाज जारी है. हत्याकांड के बाद पुलिस ने मामले की जांच करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसी मामले में नीरज सिंह को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। अब 21 अगस्त को अदालत नीरज सिंह की जमानत याचिका पर अपना फैसला सुनाएगी।
