पलामू। पलामू पुलिस ने अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन सफाया” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के साथ तीन अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी कार्बाइन, मैगजीन, सात जिंदा गोलियां और एक खोखा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी हथियार के बल पर एक व्यापारी से लूटपाट की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी लेस्लीगंज (पांकी) प्रशांत कुमार-02 के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने पांकी थाना क्षेत्र में बराज से उत्तर, बनखेता जाने वाली ग्रामीण सड़क के किनारे टोला कोलवा में छापामारी कर तीन संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध हथियार और अन्य सामान बरामद किए गए।
बरामद सामान
- 01 देशी कार्बाइन
-
01 लोहे का मैगजीन
-
07 जिंदा गोलियां और 01 खोखा
-
02 मोटरसाइकिल
-
03 मोबाइल फोन
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने सुभन गंझू (38), सकिंद्र गंझू (22) और सुमन यादव (23) को गिरफ्तार किया है। तीनों चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र के सिकनी गांव के रहने वाले बताए गए हैं। इस मामले में पांकी थाना कांड संख्या 138/2026, दिनांक 22 अगस्त 2026 को बीएनएस और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है। चतरा और हजारीबाग जिले के विभिन्न थानों में उनके खिलाफ लूट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। पलामू पुलिस ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। छापामारी दल में पुलिस पदाधिकारियों के साथ पांकी थाना का सशस्त्र बल शामिल था।



