जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध भूतनाथ मंदिर में सावन की अंतिम सोमवारी पर पूजा-अर्चना करने पहुंची महिला के गले से करीब पांच लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मंदिर परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। पीड़िता ने भीड़ का फायदा उठाकर सुनियोजित तरीके से चेन चोरी किए जाने की आशंका जताई है। जानकारी के अनुसार, सोनारी निवासी रीना चौधरी सोमवार दोपहर करीब पौने 12 बजे अपनी सहेली के साथ मंदिर पहुंची थीं। पहले उन्होंने खाटू श्याम मंदिर में पूजा की और इसके बाद भगवान शिव को जल चढ़ाने के लिए भूतनाथ मंदिर गईं। सावन की अंतिम सोमवारी होने के कारण मंदिर में काफी भीड़ थी।
रीना के मुताबिक, मंदिर में प्रवेश के दौरान तीन महिलाएं और तीन पुरुष उनके पीछे आ गए। आरोप है कि भीड़ के बीच एक महिला ने उन्हें उनकी सहेली से अलग कर दिया। इसके बाद कुछ लोग उनके आसपास आकर खड़े हो गए। भीड़ अधिक होने के कारण उस समय उन्हें किसी तरह का संदेह नहीं हुआ और वह पूजा में व्यस्त हो गईं। पूजा समाप्त करने के बाद मंदिर से बाहर निकलते समय उनकी सहेली ने बताया कि उनके गले में पहनी सोने की चेन दिखाई नहीं दे रही है। इसके बाद रीना ने गले को टटोलकर देखा तो चेन गायब थी। उनका कहना है कि मंदिर में प्रवेश करने तक चेन उनके गले में थी। इससे उन्हें आशंका है कि भीड़ में घेरकर चेन चोरी की गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद सोनारी पुलिस ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज में कुछ संदिग्ध लोगों की गतिविधियां सामने आने की बात कही जा रही है। पुलिस मंदिर में आने-जाने वाले लोगों की पहचान करने के साथ यह भी जांच कर रही है कि वारदात किसी गिरोह ने अंजाम दी या इसमें स्थानीय स्तर के लोग शामिल हैं। फिलहाल पुलिस का मुख्य फोकस उस महिला-पुरुष समूह की पहचान पर है, जो पीड़िता के पीछे मंदिर में प्रवेश करता दिखाई दिया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस संदिग्धों की पहचान और उनकी गतिविधियों की जांच में जुटी है।


