जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में मोटरसाइकिल चोरी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब के निर्देश पर मुसाबनी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र में सक्रिय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का उद्भेदन करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 17 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं. पुलिस के अनुसार, गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी एवं अन्य स्तरों पर जांच करते हुए गिरोह तक पहुंच बनाई। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह में शामिल तीन आरोपियों को दबोच लिया गया।

निशानदेही पर एक के बाद एक 17 बाइक बरामद…..
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान पुलिस को मोटरसाइकिल चोरी से जुड़े अहम सुराग मिले। आरोपियों की निशानदेही और स्वीकारोक्ति के आधार पर पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों से चोरी की कुल 17 मोटरसाइकिलें बरामद कीं. पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी की मोटरसाइकिलों के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। साथ ही बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी के मामलों की भी जांच की जा रही है. पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोह में हड़कंप मचा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।




















