लोकतंत्र सवेरा : भाजपा नेता वीर सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) के माध्यम से टाटानगर रेलवे स्टेशन पर पैदल यात्रियों के प्रवेश मार्ग को अवरुद्ध किए जाने का गंभीर मुद्दा उठाया है। उन्होंने चक्रधरपुर मंडल के रेलवे डीआरएम सहित जमशेदपुर के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकृष्ट कर इस निर्णय पर सवाल खड़े करते हुए विरोध दर्ज कराया।
वीर सिंह का आरोप है कि रेलवे अधिकारियों की मिलीभगत से पैदल यात्रियों का रास्ता जानबूझकर बंद किया गया है, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय रेलवे उपभोक्ता सबसे अधिक प्रभावित होंगे। उन्होंने कहा कि मुख्य मार्ग से प्रवेश करने पर यात्रियों को पार्किंग शुल्क देना पड़ेगा, जिससे रेलवे का राजस्व तो बढ़ेगा, लेकिन आम यात्रियों पर आर्थिक बोझ पड़ेगा। इसे उन्होंने गंभीर प्रकृति की साजिश करार देते हुए निष्पक्ष जाँच और कार्रवाई की मांग की।
मामले को संज्ञान में लेते हुए चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम ने त्वरित हस्तक्षेप करते हुए जाँच के निर्देश जारी किए हैं। वहीं सीनियर डीसीएम (सीकेपी डिवीजन) ने भाजपा नेता वीर सिंह को जानकारी दी कि संबंधित विभाग को सूचित कर दिया गया है और जाँच के उपरांत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ट्वीट के तुरंत बाद रेलवे प्रशासन हरकत में आ गया है।
