जमशेदपुर : जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जमशेदपुर पुलिस की ओर से मुसाबनी, गुड़ाबांदा और पोटका थाना क्षेत्रों के विभिन्न विद्यालयों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों, साइबर अपराध से बचाव तथा महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई. पुलिस पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा इसके खिलाफ समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, संदिग्ध लिंक, फर्जी कॉल और साइबर जालसाजी से बचने के आवश्यक उपाय बताए गए।

कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित कानूनों और उपलब्ध सुरक्षा तंत्र की भी जानकारी दी गई। पुलिस ने विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार की संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल परिजनों, शिक्षकों अथवा पुलिस को देने की अपील की. जमशेदपुर पुलिस ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य पुलिस और आम लोगों के बीच विश्वास एवं सहयोग को मजबूत करना है, ताकि अपराध की रोकथाम में जनसहभागिता को प्रभावी बनाया जा सके।
