रांची/जमशेदपुर : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन द्वारा घोषित राष्ट्रीय टीम में झारखंड से राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार वर्मा को राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी दिए जाने पर भाजपा जिला प्रभारी, पूर्वी सिंहभूम दिनेश कुमार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. राष्ट्रीय संगठन में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद दिनेश कुमार अपने सहयोगी एवं भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष उमेश रंजन साहू के साथ रांची स्थित सरला बिरला परिसर पहुंचे। यहां उन्होंने प्रदीप कुमार वर्मा से मुलाकात कर बुके भेंट किया और अंगवस्त्र ओढ़ाकर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान भाजयुमो नेता धनेश्वर सिंह भी मौजूद रहे।

दिनेश कुमार ने कहा कि प्रदीप कुमार वर्मा को भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना केवल उनके लिए सम्मान की बात नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के लिए गौरव का विषय है। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, कर्मठता, अनुभव और कार्यकर्ताओं से निरंतर जुड़ाव को राष्ट्रीय नेतृत्व ने सम्मान दिया है. उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसा संगठन है, जहां कार्यकर्ताओं के परिश्रम और संगठन के प्रति समर्पण को सदैव महत्व दिया जाता है। श्री प्रदीप कुमार वर्मा को मिली नई जिम्मेदारी उनके लंबे संगठनात्मक अनुभव और कार्यक्षमता का परिणाम है। उनके अनुभव का लाभ अब राष्ट्रीय स्तर पर संगठन को मिलेगा और झारखंड की आवाज को भी राष्ट्रीय पटल पर मजबूती मिलेगी।
दिनेश कुमार ने कहा कि भाजपा में संगठनात्मक दायित्व व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि संगठन और राष्ट्रसेवा का माध्यम होता है। उन्हें विश्वास है कि प्रदीप कुमार वर्मा नई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करते हुए संगठन को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे. उन्होंने राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड के वरिष्ठ एवं कर्मठ नेता को राष्ट्रीय टीम में महत्वपूर्ण दायित्व मिलना प्रदेश भाजपा के कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह और प्रेरणा का विषय है. दिनेश कुमार ने प्रदीप कुमार वर्मा के सफल एवं यशस्वी कार्यकाल की कामना करते हुए उन्हें पुनः हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
