जमशेदपुर : गोलमुरी क्षेत्र की बदहाल यातायात व्यवस्था, अव्यवस्थित पार्किंग और लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर आजसू पार्टी ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। जिला प्रशासन को दिए गए एक सप्ताह के अल्टीमेटम की अवधि समाप्त होने के बाद आजसू पार्टी के जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने कहा कि अब आंदोलन को निर्णायक दिशा में ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अप्पू तिवारी ने आरोप लगाया कि गोलमुरी शहर के व्यस्त इलाकों में शामिल है और यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। इसके बावजूद सड़क किनारे बेतरतीब पार्किंग, जाम, यातायात नियमों की अनदेखी और भारी वाहनों की आवाजाही से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं दिख रही है. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन को यातायात और पार्किंग व्यवस्था में सुधार के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया था। समय सीमा समाप्त होने के बाद भी स्थिति में अपेक्षित बदलाव नहीं आया है। अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, बल्कि जमीन पर ठोस कार्रवाई दिखाई देनी चाहिए।
धर्मवीर महतो ने शुरू की भूख हड़ताल…..
यातायात व्यवस्था के मुद्दे को लेकर आंदोलन में सहयोग कर रहे बजरंग सेवा संस्थान के जिला अध्यक्ष धर्मवीर महतो ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। अप्पू तिवारी ने उनके आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि यह संघर्ष किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा और बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए है. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में आंदोलन को सामाजिक संगठनों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से व्यापक रूप दिया जाएगा।
पार्किंग और भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने की मांग…..
अप्पू तिवारी ने गोलमुरी में अव्यवस्थित पार्किंग पर रोक लगाने, नो-एंट्री नियमों का सख्ती से पालन कराने, भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने और दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की. उन्होंने JUSCO की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए नागरिक सुविधाओं से जुड़े संस्थानों से जनहित को प्राथमिकता देने की अपील की। साथ ही जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए उन्हें भी अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
सड़क जाम की चेतावनी…..
अप्पू तिवारी ने कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर सड़क पर उतरकर विरोध किया जाएगा और सड़क जाम जैसे कदम पर भी निर्णय लिया जा सकता है. उन्होंने कहा, “एक सप्ताह का अल्टीमेटम समाप्त हो चुका है और धर्मवीर महतो ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। अब मैं भी जल्द जनआंदोलन के साथ सड़क पर उतरूंगा। जनता की जान से खिलवाड़ किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा। गोलमुरी की यातायात, पार्किंग और सड़क सुरक्षा व्यवस्था में ठोस सुधार होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
