रवि जयसवाल की पहल पर जरूरतमंद मरीजों व परिजनों को मिल रहा नि:शुल्क भोजन, मां वैष्णो देवी सेवा समिति निभा रही अहम भूमिका
जमशेदपुर : मानव सेवा को सर्वोपरि मानते हुए समाजसेवी रवि जयसवाल की पहल पर एमजीएम अस्पताल के बाहर जरूरतमंद मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए शुरू की गई नि:शुल्क भोजन सेवा लगातार जारी है। मां वैष्णो देवी सेवा समिति के तत्वावधान में प्रत्येक शनिवार को अस्पताल परिसर के बाहर जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इस सेवा से अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों और उनके साथ रहने वाले परिजनों को काफी राहत मिल रही है. इस सामाजिक पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और दूर-दराज से इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचने वाले लोगों को भोजन की चिंता से राहत देना है। प्रत्येक शनिवार को सेवा से जुड़े सदस्य जरूरतमंद मरीजों और उनके परिजनों के बीच भोजन का वितरण करते हैं।

समाजसेवी रवि जयसवाल ने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। जरूरतमंदों की सेवा करने से बड़ा कोई कार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि इस सेवा को हर शनिवार निरंतर जारी रखा जा रहा है और आने वाले समय में इसे और व्यापक रूप देने का प्रयास किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचाई जा सके. उन्होंने शहरवासियों से इस सामाजिक अभियान में सहयोग और आशीर्वाद देने की अपील करते हुए कहा कि समाज के सामूहिक सहयोग से सेवा के इस कार्य को और मजबूती दी जा सकती है। हर शनिवार एमजीएम अस्पताल के बाहर चल रही यह नि:शुल्क भोजन सेवा मानवता और सामाजिक सरोकार की एक प्रेरणादायी मिसाल बन रही है।
