घाटशिला : अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ घाटशिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 13.12 ग्राम ब्राउन शुगर, एक काले रंग की मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जय महानंद (19) और आकांक्षित कुमार (19) के रूप में हुई है। दोनों मुसाबनी थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं. पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त 2026 को सूचना मिली थी कि मुसाबनी से कुछ लोग अवैध ब्राउन शुगर की बिक्री के लिए घाटशिला थाना क्षेत्र में आने वाले हैं। सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम तथा ग्रामीण एसपी के निर्देश पर छापामारी दल का गठन किया गया।

अमाईनगर पुलिया के पास दबिश…..
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी घाटशिला विकास कुमार लागुरी के नेतृत्व में गठित टीम ने घाटशिला थाना क्षेत्र के अमाईनगर पुलिया के पास छापामारी की। इस दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा। विधिवत तलाशी लेने पर उनके पास से 13.12 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किए।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज……
घटना को लेकर घाटशिला थाना में कांड संख्या 51/2026, दिनांक 29 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS Act की धारा 20(b)(II)(B), 21(a), 21(b), 25 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
छापामारी टीम में ये रहे शामिल……
कार्रवाई में एसडीपीओ विकास कुमार लागुरी के अलावा थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक राजेन्द्र कुमार मुंडा, पुलिस अवर निरीक्षक रजनीश आनंद, प्रेम कुमार निषाद, सहायक अवर निरीक्षक आलोक कुमार तथा रिजर्व गार्ड के जवान अवध बड़ाईक, मुनेश महतो, हुडा सोरेन और बासेत मांडी शामिल रहे. पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
