जमशेदपुर : श्री श्री शीतला माता मंदिर समिति, सीपी समाज बागुनहातु के बैनर तले बुधवार को छत्तीसगढ़ी समाज की महिलाओं ने श्रद्धा और आस्था के साथ कमरछट (हलषष्ठी) व्रत एवं पूजन किया। मंदिर परिसर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर संतान की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और स्वस्थ जीवन की कामना की. इस अवसर पर महिलाओं ने विधि-विधान के साथ भगवान बलभद्र की पूजा-अर्चना की और व्रत रखा। मान्यता के अनुसार कमरछट व्रत संतान के सुख एवं उनकी लंबी आयु की कामना के लिए रखा जाता है। पूजा के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम में सीपी समाज के प्रतिनिधियों एवं सदस्यों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। आयोजन को सफल बनाने में सीपी समाज के अध्यक्ष रूपेश कुमार, महासचिव कन्हैया लाल साहू, उपाध्यक्ष रामवतार साहू, रामनाथ ठाकुर तथा महिला अधिकारी अध्यक्षा श्रीमती शशि साहू सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा. समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज की परंपराओं को जीवंत रखने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने का कार्य करते हैं।
