जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के कैरेज कॉलोनी से अपहृत तीन वर्षीय बच्चे को पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर पश्चिम बंगाल के खड़गपुर से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने बच्चे के अपहरण के आरोप में कैरेज कॉलोनी निवासी असलम खान को गिरफ्तार किया है। शनिवार को सिटी डीएसपी संजीव कुमार ने मामले का खुलासा किया. पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर की दोपहर कैरेज कॉलोनी निवासी आर्यन महानंद का अपहरण किया गया था। बच्चे की मां कुंती महानंद की शिकायत पर बर्मामाइंस थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर आरोपी बच्चे को अपने साथ ले जाता दिखाई दिया। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी बच्चे को खड़गपुर ले गया है।

इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल खड़गपुर पहुंचकर रेलवे स्टेशन से आरोपी असलम खान को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया. डीएसपी ने बताया कि आरोपी बच्चे को चॉकलेट और बिस्किट का लालच देकर अपने साथ ले गया था। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह बच्चे को मुंबई ले जाने की योजना बना रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी की मंशा बच्चे से भीख मंगवाने और उसे बेचने की थी।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस वारदात में आरोपी के साथ कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह भी शामिल था या नहीं। पुलिस के मुताबिक आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और उसे अक्सर बस्ती में बच्चों के साथ देखा जाता था. बच्चे की सकुशल बरामदगी में बर्मामाइंस थाना प्रभारी सरयू आनंद समेत पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।