सरायकेला : चांडिल थाना क्षेत्र के चर्चित व्यवसायी निखार सबलोक हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य साजिशकर्ता और कुख्यात अपराधी अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह (40) को गिरफ्तार किया है। उसके पास से दो मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त बजाज एवेंजर बाइक और एक लोडेड देशी पिस्टल बरामद की गई है।

चांडिल अनुमंडल SDPO कार्यालय में मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर DSP शिव प्रकाश कुमार ने बताया कि चांडिल थाना कांड संख्या 115/2026 में अब तक कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि 24 अगस्त को आसनबनी स्थित 10th Mile Hotel में जमशेदपुर के व्यवसायी निखार सबलोक को गोली मारी गई थी। गंभीर हालत में TMH में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी. घटना के बाद DIG कोल्हान के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां पुलिस की संयुक्त SIT गठित की गई थी। तकनीकी साक्ष्य, CCTV फुटेज और मानवीय सूचना के आधार पर जांच करते हुए पुलिस ने पहले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनके पास से हत्या में प्रयुक्त दो पिस्टल तथा वारदात के बाद भागने में इस्तेमाल लाल Hyundai i10 कार बरामद की गई थी।
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर को अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ और उसकी निशानदेही पर बाइक व पिस्टल बरामद हुई। DSP ने कहा कि हत्याकांड में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस के मुताबिक सिंटू सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ बोड़ाम, मानगो, ओलिडीह व आदित्यपुर थानों में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत नौ से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
