जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने जिले के नागरिकों की सुविधा के लिए डिजिटल पुलिसिंग की दिशा में एक नई पहल करते हुए ‘जोहार पुलिस’ (JOHAR POLICE) चैटबॉट सेवा शुरू की है। इसके माध्यम से अब लोगों को कई पुलिस सेवाओं और जरूरी जानकारियों के लिए बार-बार पुलिस कार्यालय या थाना का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। नागरिक व्हाट्सऐप के जरिए घर बैठे पुलिस सेवाओं का लाभ ले सकेंगे. एसएसपी कार्यालय की ओर से 9 सितंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, JOHAR POLICE (Jamshedpur Online Help & Assistance for Residents) चैटबॉट का इस्तेमाल व्हाट्सऐप के माध्यम से किया जा सकता है। इसके लिए नागरिकों को अपने मोबाइल से 9471167577 नंबर पर केवल “Hi” लिखकर भेजना होगा।

एक व्हाट्सऐप मैसेज से कई सुविधाएं…….
चैटबॉट के माध्यम से नागरिकों को खोए हुए मोबाइल से संबंधित सहायता, साइबर अपराध की शिकायत एवं जानकारी, ट्रैफिक और चालान से जुड़ी जानकारी, पासपोर्ट वेरिफिकेशन, चरित्र प्रमाण पत्र तथा पुलिस वेरिफिकेशन की स्थिति जैसी सुविधाएं मिल सकेंगी. इसके अलावा पुलिस कार्यालय में दिए गए आवेदन या शिकायत का स्टेटस, नजदीकी थाना की जानकारी, महिला सुरक्षा एवं ईव-टीजिंग से संबंधित शिकायत, वरिष्ठ नागरिकों के लिए सहायता तथा पुलिस को शिकायत, सुझाव और फीडबैक देने की सुविधा भी चैटबॉट पर उपलब्ध होगी।
पुलिस कार्यालय के चक्कर होंगे कम……
पूर्वी सिंहभूम पुलिस के अनुसार, ‘जोहार पुलिस’ के माध्यम से नागरिकों को घर बैठे व्हाट्सऐप पर विभिन्न पुलिस सेवाओं तक आसान पहुंच मिलेगी। इससे पुलिस कार्यालयों में अनावश्यक भीड़ और लोगों के बार-बार चक्कर लगाने की समस्या कम होगी। साथ ही पुलिस और आम जनता के बीच संवाद को अधिक तेज, सरल और प्रभावी बनाने में भी मदद मिलेगी. पुलिस ने जिलेवासियों से इस डिजिटल सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।
ऐसे करें इस्तेमाल…….
व्हाट्सऐप पर 9471167577 नंबर सेव करें और इस नंबर पर “Hi” भेजें। इसके बाद चैटबॉट के माध्यम से उपलब्ध सेवाओं का विकल्प चुनकर संबंधित जानकारी या सुविधा प्राप्त की जा सकती है। उपलब्ध QR कोड स्कैन करके भी ‘जोहार पुलिस’ चैटबॉट से जुड़ा जा सकता है।
