कीव : रूस ने शनिवार को यूक्रेन के कई इलाकों में बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए। इन हमलों में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग घायल हुए हैं। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, रूसी हमलों में रिहायशी इमारतों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने बताया कि रूस ने शनिवार तड़के से यूक्रेन के विभिन्न ठिकानों पर करीब 500 ड्रोन दागे। उन्होंने आरोप लगाया कि रूस युद्ध के मोर्चे के साथ-साथ यूक्रेन की अर्थव्यवस्था और नागरिक ढांचे को भी निशाना बना रहा है। जेलेंस्की के मुताबिक, युद्धकाल में लोगों की मदद करने वाले ठिकानों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।

क्रामाटोर्स्क में निजी कारों को बनाया निशाना……
यूक्रेन के प्रमुख फ्रंटलाइन शहर क्रामाटोर्स्क की नगर परिषद के अनुसार, रूसी बलों ने आम नागरिकों की निजी कारों को निशाना बनाया। करीब 90 मिनट के भीतर हुई तीन अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हुए. नगर परिषद ने कहा कि जिन वाहनों को निशाना बनाया गया, वे किसी सैन्य अभियान का हिस्सा नहीं थे। इनमें आम नागरिक अपने रोजमर्रा के काम के लिए यात्रा कर रहे थे।
किराना दुकान पर हमले में दो की मौत……
कीव के पश्चिम में स्थित झिटोमिर क्षेत्र के गवर्नर विटाली बुनेचको ने बताया कि ज़्वियाहेल शहर में एक किराना दुकान पर हुए रूसी हमले में दो लोगों की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि हमले के दौरान दो पेट्रोल पंपों और विदेशी निवेश वाली एक कंपनी के प्रतिष्ठान को भी निशाना बनाया गया. लगातार हो रहे इन हमलों के बाद यूक्रेन के कई इलाकों में नागरिक और बुनियादी ढांचे की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
