जमशेदपुर : शहर में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं और बाजारों में प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के उपाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल ‘गोल्डी’ ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि अपराधियों पर शिकंजा कसने की जरूरत है, व्यापारियों पर नहीं. अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि गोलमुरी में दिनदहाड़े बैंक डकैती, ज्वेलरी दुकान में चोरी, मरीन ड्राइव हादसा और बिंदल मॉल के रेस्टोरेंट में फायरिंग जैसी घटनाएं शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। ऐसे में संवेदनशील इलाकों में पुलिस पेट्रोलिंग, सीसीटीवी निगरानी और चेकिंग व्यवस्था की प्रभावी समीक्षा जरूरी है।

उन्होंने बिष्टूपुर में बाजार एवं दुकानों के संचालन को लेकर कथित सख्ती पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि दुकानों के खुलने-बंद होने का कोई निर्धारित समय है तो प्रशासन उसे लिखित आदेश के माध्यम से सार्वजनिक करे। नियम स्पष्ट होंगे तो व्यापारी भी उनका पालन करेंगे और भ्रम की स्थिति नहीं बनेगी. उन्होंने कहा कि नियमों का पालन कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है, लेकिन कार्रवाई कानूनसम्मत, संयमित और सम्मानजनक होनी चाहिए। छोटे दुकानदारों और आम ग्राहकों के साथ सख्ती के बजाय प्रशासन को संवाद और सहयोग का रास्ता अपनाना चाहिए।
अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि दुर्गापूजा, दीपावली और छठ को देखते हुए बाजारों में भीड़ बढ़ेगी। ऐसे में पुलिस पेट्रोलिंग, ट्रैफिक, पार्किंग और अपराध नियंत्रण की विशेष व्यवस्था पहले से तैयार की जानी चाहिए. उन्होंने कहा, “व्यापारियों को पुलिस की लाठी नहीं, सुरक्षा चाहिए और ग्राहकों को डर नहीं, सुरक्षित बाजार चाहिए। अपराधियों के खिलाफ कानून का सख्त संदेश जाना चाहिए।”
