जमशेदपुर। कथित 750 करोड़ रुपये के GST घोटाले से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार सुबह जमशेदपुर में कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान ED की टीम ने स्क्रैप कारोबारी ज्ञानचंद जायसवाल उर्फ बबलू जायसवाल के बिष्टुपुर स्थित आवास के अलावा आदित्यपुर और गम्हरिया स्थित ठिकानों को भी जांच के दायरे में लिया।

बताया जा रहा है कि ED की टीम इन ठिकानों पर वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेज, बैंकिंग रिकॉर्ड, कारोबारी कागजात और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही है। जांच का केंद्र कथित तौर पर फर्जी कंपनियों के माध्यम से इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) हासिल करने और GST से जुड़े वित्तीय लेनदेन को लेकर है।
सूत्रों के अनुसार, इस मामले में इससे पहले भी विभिन्न एजेंसियों की ओर से कार्रवाई की जा चुकी है। अब ED द्वारा की जा रही छापेमारी के दौरान जुटाए जा रहे दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जा सकती है।फिलहाल छापेमारी जारी है और ED की ओर से बरामदगी अथवा कार्रवाई को लेकर आधिकारिक विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।
