रांची : जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले दूसरे T20 मैच को लेकर सोमवार को सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत निरीक्षण किया गया। अपर पुलिस महानिदेशक सह पुलिस महानिरीक्षक, दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र मनोज कौशिक ने स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों की तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान प्रवेश-निकास, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, दर्शकों व खिलाड़ियों की सुरक्षा तथा आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए गए. रांची पुलिस ने दर्शकों और आम लोगों से मैच के दौरान पुलिस-प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
