कटिहार : बिहार के कटिहार में सोमवार को दिनदहाड़े बीच बाजार एक अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। नगर थाना क्षेत्र के कुम्हार टोली स्थित पटेल चौक के पास हुई इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। बाजार में अचानक हुई गोलीबारी के बाद अफरा-तफरी मच गई। वारदात का एक LIVE VIDEO भी सामने आया है, जिसमें हमलावर अधिवक्ता पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं. मृतक की पहचान अधिवक्ता गुड्डू अंसारी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सोमवार को वे पटेल चौक के पास मौजूद थे। इसी दौरान तीन लोगों के वहां पहुंचने की बात सामने आई है। आरोप है कि हमलावरों ने अधिवक्ता को घेर लिया और पहले उनके साथ मारपीट की। इसके बाद उन्हें जमीन पर गिरा दिया गया और सिर में गोली मार दी गई. गोली लगते ही गुड्डू अंसारी सड़क किनारे गिर पड़े। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। दिनदहाड़े बाजार के बीच हुई हत्या की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।

VIDEO में कैद हुई वारदात…
घटना से जुड़ा LIVE VIDEO सामने आने के बाद मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है। वीडियो में कथित हमलावर अधिवक्ता को घेरते और उनके साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। इसके बाद गोली चलने की बात सामने आई है। पुलिस अब इस वीडियो को जांच का अहम हिस्सा मानते हुए घटना के पूरे क्रम को खंगाल रही है।
पुराने विवाद और धमकी की भी चर्चा……
अधिवक्ता की हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। शुरुआती तौर पर कोर्ट से जुड़े किसी विवाद की चर्चा सामने आ रही है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. वहीं, मृतक के परिजनों और रिश्तेदारों ने हत्या के पीछे पुराने विवाद को वजह बताया है। उनका आरोप है कि गुड्डू अंसारी का कुछ लोगों से पहले विवाद हुआ था और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। परिजनों ने पुराने विवाद से जुड़े कुछ लोगों पर हत्या की आशंका जताई है। उनका यह भी कहना है कि संदिग्ध आरोपी मृतक के घर के आसपास ही रहते हैं और परिवार के लोग उन्हें पहचानते हैं।
पुलिस ने शुरू की छानबीन, आरोपियों की तलाश तेज…..
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके. पुलिस हत्या के कारण और आरोपियों की पहचान को लेकर सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी किए जाने की बात भी सामने आई है. फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि बाजार के बीच अधिवक्ता गुड्डू अंसारी की हत्या की साजिश किसने रची और इस वारदात के पीछे असली वजह क्या थी? पुलिस की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले से पर्दा उठने की उम्मीद है।
