जमशेदपुर : टुईलाडुंगरी सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमिटी की ओर से इस वर्ष दुर्गापूजा को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। वर्ष 1934 से लगातार आयोजित हो रही पूजा को इस बार और भव्य एवं आकर्षक स्वरूप देने की तैयारी है। पूजा पंडाल, मां दुर्गा की प्रतिमा, विद्युत सजावट से लेकर मेले तक को खास बनाने की दिशा में कमिटी के सदस्य जुटे हुए हैं।

कमिटी के महासचिव दिनेश कुमार ने बताया कि इस वर्ष पूजा पंडाल की सजावट में पश्चिम बंगाल से आए कारीगरों की विशेष कारीगरी देखने को मिलेगी। पंडाल निर्माण में प्लास्टिक की विभिन्न उपयोगी वस्तुओं का रचनात्मक इस्तेमाल किया जाएगा। बोतल, प्लेट, कटोरी, चम्मच, ग्लास सहित अन्य प्लास्टिक सामग्रियों को कलात्मक रूप देकर पंडाल को आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। इसके माध्यम से पुनः उपयोग और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने का प्रयास भी किया जाएगा।
20 फीट की राजराजेश्वरी प्रतिमा होगी आकर्षण का केंद्र……..
इस वर्ष मां दुर्गा की करीब 20 फीट ऊंची राजराजेश्वरी मॉडल की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। प्रतिमा का निर्माण ओडिशा के कुशल कारीगरों द्वारा किया जा रहा है। भव्य प्रतिमा पूजा पंडाल में श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
चांदीपुर की विद्युत सजावट से जगमगाएगा पूजा परिसर……
पूजा परिसर में चांदीपुर की आकर्षक विद्युत सजावट कराई जाएगी। रंग-बिरंगी रोशनी और विशेष लाइटिंग के जरिए पूरे पूजा परिसर को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप देने की तैयारी है।
बच्चों और बड़ों के लिए लगेगा भव्य मेला…….
दुर्गापूजा के दौरान बच्चों एवं बड़ों के मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए भव्य मेले का भी आयोजन किया जाएगा। मेले में विभिन्न प्रकार के मनोरंजन के साधन और आकर्षण उपलब्ध रहेंगे, जिससे पूजा के साथ लोगों को मेले का भी आनंद मिल सकेगा।
पूर्व में भी बन चुके हैं आकर्षक पूजा पंडाल……
महासचिव दिनेश कुमार ने बताया कि टुईलाडुंगरी सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमिटी की ओर से पूर्व में भी कई आकर्षक एवं चर्चित पूजा पंडाल तैयार किए जा चुके हैं। इनमें शांता दुर्गा टेंपल ऑफ गोवा, देवघर का नौलखा मंदिर सहित कई ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों की थीम पर आधारित पंडाल शामिल रहे हैं।
उन्होंने शहरवासियों एवं श्रद्धालुओं से दुर्गापूजा के अवसर पर परिवार सहित टुईलाडुंगरी पूजा पंडाल पहुंचकर मां दुर्गा का दर्शन करने और आयोजन का आनंद लेने की अपील की. पूजा आयोजन को सफल बनाने में कमिटी के मुख्य संरक्षक राजू गिरी, अध्यक्ष मिथिलेश सिंह यादव, महासचिव दिनेश कुमार, कोषाध्यक्ष श्रीनू राव, लाइसेंसी किशोर कुमार राजा, उपाध्यक्ष प्रशांत गिरी, रंजीत गुप्ता, अजय कुमार, सतीश सिंह सहित अन्य सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
