सरायकेला। पश्चिम बंगाल के पुरुलिया से सर्कस देखकर बाइक से घर लौट रहे सरायकेला-खरसावां जिले के तीन युवकों की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा सोमवार देर शाम पुरुलिया-बोकारो मार्ग पर मालती चेकपोस्ट के पास हुआ। तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार थे. जानकारी के अनुसार, नीमडीह थाना क्षेत्र के जुगिलांग गांव निवासी शिवम गोप, लुकैस गोप और सपन गोप पुरुलिया के बलरामपुर में छाता मेला और पनामा सर्कस देखने गए थे। लौटने के दौरान तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

दुर्घटना के बाद अर्टिगा चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस मालती चेकपोस्ट समेत आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर फरार कार चालक की पहचान करने में जुटी है. एक ही गांव के तीन युवकों की मौत से जुगिलांग में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और चेकपोस्ट क्षेत्र में निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
