सीतारामडेरा पुलिस की विशेष टीम ने पाण्डेय घाट के पास घेराबंदी कर दबोचा, मासूक मनीष गिरोह से जुड़ा होने का दावा…. हत्या और फायरिंग समेत कई मामलों में रहा है आरोपी
जमशेदपुर : दुर्गा पूजा के दौरान शहर में अपराध पर अंकुश लगाने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जमशेदपुर पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में सीतारामडेरा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए हथियार के साथ घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से एक देशी पिस्टल और एक मैगजीन बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुकू कर्मकार उर्फ सुकू लोहार (24 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी मासूक मनीष गिरोह के लिए काम करता है और पूर्व में हत्या एवं फायरिंग से जुड़े मामलों में जेल जा चुका है।

### गुप्त सूचना पर गठित हुई विशेष छापेमारी टीम……
पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11:30 बजे वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर डॉ. ऐहतेशाम वकारिब को गुप्त सूचना मिली कि सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के मानगो बस स्टैंड, भुइयांडीह के पास एक अपराधी हथियार के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) की निगरानी में सहायक पुलिस अधीक्षक (मु.-1) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
### पुलिस वाहन देखते ही नदी की ओर भागने लगा आरोपी…….
छापेमारी टीम जब पाण्डेय घाट पहुंची, तो एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस वाहन को देखकर मुख्य सड़क से नीचे स्वर्णरेखा नदी की ओर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और नदी के पास उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कंधे पर लटके पिट्ठू बैग से कपड़े में लपेटकर रखा गया एक काले रंग का देशी पिस्टल, मैगजीन सहित बरामद किया गया।
### हत्या और फायरिंग समेत कई मामलों में नाम……
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में सोनारी थाना और मानगो (ओलीडीह) थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास, हत्या एवं आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले दर्ज हैं। इसके अलावा सीतारामडेरा थाना में मारपीट, अवैध रूप से प्रवेश करने, गाली-गलौज और धमकी देने से संबंधित मामला भी दर्ज है. गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ सीतारामडेरा थाना कांड संख्या 106/2026, दिनांक 15 अक्टूबर 2026, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 111(4) तथा आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
### छापेमारी टीम में ये पुलिसकर्मी थे शामिल…….
इस कार्रवाई में सीतारामडेरा थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक फगुनी पासवान, पुलिस अवर निरीक्षक अक्षय कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सूरज प्रसाद, सहायक अवर निरीक्षक रामाशीष ठाकुर तथा आरक्षी संख्या 1054 भीष्म नारायण यादव शामिल थे।
बरामदगी : एक देशी पिस्टल और एक मैगजीन।
पुलिस की इस कार्रवाई को शहर में संभावित आपराधिक वारदातों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
