जमशेदपुर : डिमना चौक से पारडीह चौक के बीच स्थित करीब 13 एकड़ सरकारी जमीन पर कचरा निस्तारण और भविष्य में उसके उपयोग को लेकर स्थानीय लोगों ने आवाज बुलंद की है। जन विकास मंच के अध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु के नेतृत्व में वसुंधरा एस्टेट पहुंच मार्ग पर आयोजित सभा में विभिन्न कॉलोनियों और बस्तियों के प्रतिनिधियों ने तीन सूत्री संकल्प पारित किया। इसमें जमीन से कचरा पूरी तरह हटाने, स्थानीय लोगों से परामर्श के बाद निर्णय लेने और वहां सार्वजनिक खेल मैदान विकसित करने की मांग की गई।
### CPCB के दिशानिर्देशों का दिया हवाला……
सौरभ विष्णु ने केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के फरवरी 2019 के Guidelines for Disposal of Legacy Waste के खंड 4.4.4 का हवाला देते हुए कहा कि साफ किए गए पुराने कचरा स्थलों पर कम से कम 15 वर्षों तक आवासीय उपयोग की अनुमति नहीं है। उन्होंने बताया कि दिशानिर्देशों में खुले स्टेडियम, खेल मैदान, पार्क और उद्यान जैसे उपयोगों का भी उल्लेख है।
### पहले कचरा हटे, फिर हो जमीन का उपयोग…….
सभा में पारित संकल्प के तहत मांग की गई कि कचरे को केवल फैलाकर, दबाकर या जलाकर जमीन समतल करने के बजाय वैज्ञानिक तरीके से पूरी तरह हटाया जाए। इसके बाद मिट्टी की जांच कर भूमि को सुरक्षित घोषित किया जाए। जमीन के भविष्य के उपयोग पर अंतिम निर्णय से पहले आसपास के निवासियों की राय ली जाए तथा भूमि पर या उसके पर्याप्त हिस्से में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए निःशुल्क सार्वजनिक खेल मैदान एवं अन्य जनसुविधाएं विकसित की जाएं।
### NGT के आदेश के पालन की मांग……..
सौरभ विष्णु ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-33 के किनारे आवासीय कॉलोनियों और बस्तियों के बीच स्थित इस जमीन पर हजारों परिवार रहते हैं। क्षेत्र में बच्चों के खेलने और लोगों के लिए खुली जगह की कमी है। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) ने 23 सितंबर 2026 के आदेश में इस भूमि पर नियमों के विरुद्ध कचरा डालने पर रोक लगाने का निर्देश दिया है। स्थानीय लोगों ने आदेश का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने की मांग की. उन्होंने कहा, “हमारी मांग है कि पहले कचरा पूरी तरह हटाया जाए और जमीन की वैज्ञानिक जांच हो। इसके बाद यहां खुला, हरा-भरा और सुरक्षित खेल मैदान विकसित किया जाए। यह किसी एक व्यक्ति या राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि पूरे डिमना क्षेत्र की मांग है। पहले सफाई, फिर डिमना तय करे।”
सभा में पारित संकल्प को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन के रूप में पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को सौंपने की बात कही गई। साथ ही, क्षेत्र में घर-घर सर्वे भी शुरू किया गया है. सभा में वसुंधरा एस्टेट, रिपीट कॉलोनी, डिमना बस्ती, ग्वाला बस्ती, दलमा बेस कॉलोनी, चंद्रावती नगर, दलमा एन्क्लेव और शांति विहार सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि एवं स्थानीय निवासी शामिल हुए। मौके पर सुमन शर्मा, दीपक, संदीप, पंकज तिवारी, बबलू सिंह, विनोद सिंह, बप्पी दा, दीपक तिवारी, पिंटो, शुभम शर्मा, आनंद पांडेय, विकास आनंद सिंह, पंकज प्रसाद, राकेश, बिपिन, राज कुमार यादव एवं विकास महतो समेत अन्य लोग उपस्थित थे।


