जमशेदपुर : सिदगोड़ा बाजार में पुलिस अधिकारियों के नाम पर कथित तौर पर रंगदारी मांगने पहुंचे एक युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि पकड़े गए युवक पर सरायकेला-खरसावां जिले में स्क्रैप कारोबारियों से मंथली मांगने और खुद को कभी पत्रकार तो कभी पुलिस अधिकारियों का करीबी बताकर धमकाने के आरोप भी हैं। कारोबारियों के अनुसार, पैसे नहीं देने पर केस में फंसाने की धमकी दी जाती थी। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. युवक की पहचान और फरार साथी की भूमिका का पता लगाने में पुलिस जुटी है। मामले की जांच के बाद ही कथित रंगदारी के पूरे प्रकरण का खुलासा हो सकेगा।


