जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय सन्नी बिरुआ की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके बड़े भाई गणेश बिरुआ (21) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद करने के साथ एक स्मार्टफोन भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, रामजनम नगर रोड नंबर-1 निवासी राम बिरुआ (40) के लिखित आवेदन पर 19 अक्टूबर 2026 को कदमा थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। सन्नी का शव आदित्यपुर टोल ब्रिज के पास मिला था। मामले में रामजनम नगर रोड नंबर-8 स्थित हरि मंदिर के समीप रहने वाले गणेश बिरुआ को नामजद आरोपी बनाया गया था. पुलिस ने जांच के दौरान 23 अक्टूबर को गणेश को गिरफ्तार किया। आरोपी से पूछताछ और उसकी निशानदेही पर चाकू बरामद किया गया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


