पीछे का दरवाजा तोड़कर घर में घुसे चोर, अलमारी से गहनों का बैग और नकदी लेकर फरार, दीवार पर मिले हाथ-पैर के निशान, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
जमशेदपुर : शहर में चोरों के हौसले बुलंद हैं। टेल्को थाना क्षेत्र में चोरों ने एक रिटायर्ड टाटा मोटर्स कर्मचारी के बंद क्वार्टर को निशाना बनाते हुए करीब 20 लाख रुपये के गहने और 15 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने वारदात को इस अंदाज में अंजाम दिया कि परिवार के घर लौटने पर चोरी का खुलासा हुआ। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।
### बंद क्वार्टर को बनाया निशाना, पीछे से घुसे चोर…..
घटना टेल्को थाना अंतर्गत रोड नंबर-1 स्थित क्वार्टर नंबर के-2/6 की है। पीड़ित शमशेर खान टाटा मोटर्स के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। वह अपनी पत्नी, बेटी और नतनी के साथ उक्त क्वार्टर में रहते हैं। उनकी बेटी गुलमोहर स्कूल में शिक्षिका हैं. जानकारी के अनुसार, शनिवार को शमशेर खान का बेटा हैदराबाद से घर आया था। क्वार्टर में जगह कम होने के कारण पूरा परिवार ताला बंद कर मानगो स्थित अपने श्रीनाथ होम फ्लैट में रहने चला गया। इसी दौरान चोरों ने बंद क्वार्टर को निशाना बना लिया।
### अलमारी से गायब मिला गहनों का पूरा बैग……
परिवार रविवार की रात जब क्वार्टर लौटा और मुख्य दरवाजे का ताला खोलकर अंदर पहुंचा, तो दूसरे कमरे का सामान बिखरा देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे में रखी अलमारी खुली हुई थी और उसमें रखा गहनों का पूरा बैग गायब था। जांच करने पर करीब 20 लाख रुपये के गहने और लगभग 15 हजार रुपये नकद चोरी होने की जानकारी सामने आई।
### दीवार फांदकर दाखिल हुए चोर, पीछे के दरवाजे से फरार……
शमशेर खान के मुताबिक, चोर क्वार्टर के पीछे की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद पीछे के दरवाजे का ताला तोड़कर कमरे में प्रवेश किया और अलमारी में रखे कीमती गहने व नकदी समेटकर फरार हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर पीछे के रास्ते से ही निकल गए. घटनास्थल पर दीवार पर हाथ और पैरों के निशान भी मिले हैं, जो जांच में अहम सुराग साबित हो सकते हैं।
### मौके पर पहुंची पुलिस, CCTV फुटेज की जांच शुरू….
चोरी की सूचना मिलने के बाद टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की आवाजाही और उनकी पहचान का पता लगाया जा सके. अब बड़ा सवाल यह है कि बंद क्वार्टर की रेकी कर चोरी को अंजाम देने वाले अपराधी कब तक पुलिस की गिरफ्त में आते हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


