Ranchi : जिले के ठाकुरगाँव थाना क्षेत्र के बरोड़ी गाँव में एक विधवा महिला के साथ कथित रूप से मारपीट और जातिसूचक गाली-गलौज किए जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर पीड़िता की परेशानी के मद्देनजर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), राँची ने संज्ञान लेते हुए उसे आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की पहल की है।
पीड़िता के अनुसार, 11 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब आठ बजे वह अपने खेत में काम कर रही थी। इसी दौरान बरोड़ी गाँव निवासी सुनील महतो (करीब 40 वर्ष), पिता जातरू महतो, कथित तौर पर खेत में पहुँचा और उसके साथ जातिसूचक गाली-गलौज करते हुए लात-घूँसों से मारपीट की। पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के कारण वह बेहोश हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने महिला को उठाकर उसके घर पहुँचाया। इसके बाद उसने स्वास्थ्य केंद्र में जाकर अपना उपचार कराया। घटना के बाद पीड़िता की स्थिति और उसकी परेशानी को देखते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, राँची ने मामले का संज्ञान लिया और उसे जरूरी कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की. इस दौरान परालीगल वॉलंटियर सुमन देवी, दीपक मुंडा और बंदू उराँव सहित अन्य लोग मौजूद रहे। प्राधिकरण की पहल से पीड़िता को न्याय पाने और अपने कानूनी अधिकारों के संरक्षण की उम्मीद जगी है।
महिलाओं की सुरक्षा और कानूनी अधिकारों पर सवाल…..
ग्रामीण क्षेत्र में एक विधवा महिला के साथ मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी किए जाने के आरोप ने महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों को लेकर सवाल खड़े किए हैं। मामले में आरोपों की निष्पक्ष जाँच कर तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई किया जाना आवश्यक है। वहीं, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल से पीड़िता को कानूनी प्रक्रिया में सहायता मिलने की उम्मीद है।


