जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक (नगर), पूर्वी सिंहभूम की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधक, शाखा प्रबंधक, सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-01), पुलिस उपाधीक्षक (नगर क्षेत्र) और बिष्टुपुर थाना प्रभारी मौजूद रहे।
बैठक में बैंक परिसरों और आसपास के इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। बैंक से जुड़ी आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने, संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखने तथा बैंक ग्राहकों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया. इस दौरान बैंकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, अलार्म सिस्टम की स्थिति और आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की त्वरित सहायता जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।
पुलिस अधीक्षक (नगर) ने बैंक प्रबंधन और पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सुरक्षा उपायों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, बैंक परिसर या आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई. बैठक का उद्देश्य बैंकों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना तथा बैंक ग्राहकों, कर्मचारियों और बैंक परिसरों के आसपास सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना रहा।


