हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग शहर में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस का मामला सामने आया है। मटवारी स्थित होटल एके इंटरनेशनल को गुरुवार की रात अपराधियों ने निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस घटना में होटल के मुख्य प्रवेशद्वार का शीशा टूटकर बिखर गया। वहीं, मौके पर मौजूद सुरक्षागार्ड गोली की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 10:10 बजे तीन से चार की संख्या में अपराधी होटल के बाहर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने होटल के मुख्य प्रवेशद्वार को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। गोली लगने से मुख्य दरवाजे का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए।
फायरिंग के बाद इलाके में मची अफरा-तफरी
अचानक हुई गोलीबारी से होटल परिसर और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधी अचानक पहुंचे और फायरिंग करने के बाद तेजी से फरार हो गए। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि अपराधियों ने होटल को किस उद्देश्य से निशाना बनाया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। एडिशनल एसपी अमित कुमार, सदर एसडीपीओ रूपक कुमार और कोर्रा थाना प्रभारी सहित विभिन्न थानों की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
अपराधियों की पहचान के लिए होटल और आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में शामिल अपराधी कौन थे और फायरिंग के बाद वे किस रास्ते से फरार हुए। फिलहाल होटल पर फायरिंग के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।


