घाटशिला। मिर्गी से पीड़ित मरीजों को नियमित उपचार, नि:शुल्क दवा और निरंतर चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने के उद्देश्य से घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में विशेष जांच एवं फॉलोअप शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में मरीजों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इस दौरान कुल 240 मरीजों को चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान की गईं। इनमें 197 पुराने मरीजों का फॉलोअप किया गया, जबकि 43 नए मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। शिविर के माध्यम से मरीजों को नियमित दवा सेवन, उपचार जारी रखने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर भारत सरकार के अपर सचिव श्री राहुल शर्मा ने मरीजों से सीधे संवाद किया और शिविर में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने इस पहल की उपयोगिता एवं प्रभावशीलता को भी समझा। प्रशासन का उद्देश्य मिर्गी से पीड़ित प्रत्येक मरीज को सुलभ, नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि मरीजों को बेहतर उपचार मिल सके और बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।




