मेडिसिन, सर्जरी, रेडियोलॉजी, स्त्री एवं प्रसूति रोग और एनेस्थीसिया में चार-चार सीटें स्वीकृत, चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने प्रबंधन और चिकित्सकों को दिया सफलता का श्रेय
आदित्यपुर: चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से अपनी पहचान बना रहे नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (NSMCH), आदित्यपुर को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है. संस्थान की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने मेडिकल कॉलेज में पांच प्रमुख क्लिनिकल विषयों में पोस्ट ग्रेजुएट (PG) पाठ्यक्रम के लिए कुल 20 सीटों को मंजूरी प्रदान की है. खास बात यह है कि करीब दो वर्ष पूर्व अस्तित्व में आए इस मेडिकल कॉलेज ने एमबीबीएस की मान्यता मिलने के महज एक वर्ष बाद ही स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है.
कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, एमडी जनरल मेडिसिन में चार, एमएस जनरल सर्जरी में चार, एमडी रेडियो डायग्नोसिस में चार, एमएस ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी में चार तथा एमडी एनेस्थीसियोलॉजी में चार सीटों को स्वीकृति मिली है. इस तरह पांच विभागों में कुल 20 सीटों पर स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
विशेषज्ञ चिकित्सकों के प्रशिक्षण के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती
पीजी पाठ्यक्रमों को मंजूरी मिलने से आदित्यपुर सहित कोल्हान क्षेत्र में उच्च चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध होंगे. मेडिकल स्नातकों को अब इन प्रमुख विषयों में स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञता हासिल करने का अवसर मिल सकेगा. इसके साथ ही अस्पताल में रेजिडेंट चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ने से मरीजों के उपचार, चिकित्सा प्रशिक्षण और संबंधित विभागों की सेवाओं को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है. विशेष रूप से मेडिसिन, सर्जरी, रेडियोलॉजी, स्त्री एवं प्रसूति रोग तथा एनेस्थीसिया जैसे महत्वपूर्ण विभागों में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू होने से संस्थान की शैक्षणिक गतिविधियों और क्लिनिकल प्रशिक्षण का विस्तार होगा।
चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने पूरी टीम को दिया श्रेय
इस उपलब्धि पर नेताजी सुभाष ग्रुप के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सफलता का श्रेय संस्थान की पूरी प्रबंधकीय टीम, चिकित्सकों और कर्मचारियों को दिया. उन्होंने इसे चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में संस्थान की प्रगति का महत्वपूर्ण पड़ाव बताया. गौरतलब है कि नेताजी सुभाष ग्रुप बिहार और झारखंड में व्यावसायिक एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय है. समूह के पटना के बिहटा स्थित मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में पहले ही पीजी की 44 सीटों पर पढ़ाई की अनुमति मिलने की जानकारी दी गई है. इसके बाद अब आदित्यपुर स्थित मेडिकल कॉलेज में भी 20 पीजी सीटों को मंजूरी मिलने से समूह के चिकित्सा शिक्षा नेटवर्क का विस्तार हुआ है।
कम समय में एमबीबीएस से पीजी तक का सफर
करीब दो वर्ष पूर्व स्थापित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, आदित्यपुर ने कम समय में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय विस्तार किया है. एमबीबीएस की मान्यता मिलने के बाद अब पीजी पाठ्यक्रमों को भी स्वीकृति मिलना संस्थान के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है. इस सफलता से नेताजी सुभाष ग्रुप के अधिकारियों, चिकित्सकों, शिक्षकों और कर्मचारियों में हर्ष का माहौल है. कॉलेज प्रबंधन ने उम्मीद जताई है कि आने वाले समय में यह संस्थान कोल्हान सहित झारखंड में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित होगा।




