जमशेदपुर : काशीडीह गोलचक्कर के पास रविवार की रात कार में सवार युवकों ने जमकर उत्पात मचाया. तेज रफ्तार चल रही कार डिवाइडर से टकराने के बाद स्कूटी से टकरा गया. जिससे स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गया. स्कूटी सवार द्वारा आपत्ति जताने पर कार सवार युवकों ने स्कूटी चालक के साथ हाथापाई की. इसके बाद स्थानीय लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया तो कार सवार युवक सड़क पर हंगामा करने लगे जिससे वहां लोगों की भीड़ जुट गया।


घटना रविवार रात करीब 10.30 बजे का बताया जा रहा है. कार में सवार युवक सड़क पर लेट गये. लोगों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो वे डिवाइडर पर जाकर लेट गये. सूचना मिलने पर साकची और गोलमुरी थाना की पुलिस के अलावा पीसीआर वाहन पहुंचा. पुलिस ने हंगामा कर रहे कार सवार युवकों को समझाने का प्रयास किया. लेकिन वे नशे की हालत में हंगामा कर रहे थे. मौके पर पहुंचे गोलमुरी थाना प्रभारी राजन कुमार ने सड़क पर लेटे युवक को जबरन पुलिस की मदद से उठाया, जबकि उसके साथी को भी पकड़ कर थाना ले गए. जिसके बाद मामला शांत हुआ. मामला शांत होने पर पुलिस ने वाहनों का परिचालन शुरु कराया।

