झारखंड : रांची को जल्द ही तीन नया फ्लाइओवर मिलने वाला है. दरअसल, रांची शहर में बढ़ती ट्रैफिक की समस्या को देखते हुए, जल्द ही तीन नए फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा, जिससे शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर जाम की समस्या से निजात मिलेगी.

CM ने फ्लाईओवर प्रोजेक्ट की समीक्षा की
इसे लेकरे सीएम हेमंत सोरेन ने बीते सोमवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में झारखंड सरकार द्वारा प्रस्वाति रांची शहर के तीन महत्वपूर्ण फ्लाईओवर की कार्य योजना और डिजाइन से संबंधित प्रेजेंटेशन पर पथ निर्माण विभाग के वरीय अधिकारियों के साथ विचार विमर्श किया.
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा प्रस्तावित हरमू (सहजानंद चौक) से एसीबी कार्यालय तक बनने वाले फ्लाईओवर परियोजना का विस्तृत प्रेजेंटेशन देखा. अरगोड़ा चौक-कटहल मोड़ एवं करम टोली चौक से साइंस सिटी तक बनने वाले फ्लाईओवर निर्माण परियोजना से संबंधित प्रजेंटेशन की समीक्षा की.
हरमू फ्लाईओवर परियोजना का टेंडर प्रक्रिया पूरा
वहीं सीएम हेमंत ने कहा कि हरमू फ्लाईओवर का निर्माण ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. इस फ्लाईओवर के निर्माण से लोगों को आवागमन में काफी सुविधा होगी और उनका समय भी बचेगा. मौके पर पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार मौजूद थे.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस फ्लाईओवर को रातू रोड फ्लाईओवर से जोड़ें, ताकि लोगों को आवागमन में सुविधा हो सके. मुख्यमंत्री के समक्ष पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से यह जानकारी दी कि प्रस्तावित हरमू से एसीबी कार्यालय तक की फ्लाईओवर परियोजना का टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है.
साइंस सिटी तक बनने वाले फ्लाईओवर पर हुई चर्चा
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री ने करम टोली चौक से साइंस सिटी तक एलिवेटेड फ्लाईओवर (4 लेन) परियोजना का प्रेजेंटेशन देखा. उक्त फ्लाईओवर निर्माण तथा प्रस्तावित डॉक्टर्स कॉलोनी से हिल व्यू बरियातू रोड तक सड़क निर्माण योजना पर भी अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया. मुख्यमंत्री ने पथ निर्माण अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी फ्लाईओवर निर्माण कार्य परियोजना एवं इससे जुड़ी डिजाइन में भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर मूर्त रूप देना सरकार की प्राथमिकता है.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ एवं करम टोली चौक से साइंस सिटी तक बनने वाले फ्लाईओवर से संबंधित प्रेजेंटेशन की विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की एवं इन फ्लाईओवर की महत्ता को देखते हुए कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी अधिकारियों को दिए.
मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित फ्लाईओवर अरगोड़ा चौक के ऊपर गोलचक्कर (रोटरी) बनाने का निर्देश दिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि अरगोड़ा चौक पर गोलचक्कर निर्माण से कई महत्वपूर्ण सड़कें आपस में कनेक्ट हो जाएगी, जिससे लोगों को आवागमन में काफी सुविधा होगी. गौरतलब है कि इन तीनों फ्लाईओवर के निर्माण से रांची की यातायात व्यवस्था में एक बड़ा बदलाव आएगा.
