उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में बुधवार रात से जारी मूसलधार बारिश ने कहर बरपाया। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसों की श्रृंखला सामने आई, जिसमें पिता-पुत्र सहित सात लोगों की मौत हो गई। वहीं, दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए और कई मवेशियों की भी मौत हो गई। प्रशासन ने घटनाओं पर संज्ञान लेते हुए पीड़ित परिवारों को 24 घंटे के भीतर आपदा राहत राशि देने का आश्वासन दिया है।

अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई मौतें
ललौली थाना क्षेत्र – दतौली गांव
रवि पाल (36) अपने बेटे ऋषभ (14) के साथ जंगल में भैंस चरा रहे थे। बारिश तेज होने पर दोनों पेड़ के नीचे खड़े हो गए। तभी अचानक बिजली गिरी और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
अशोथर थाना क्षेत्र – जरौली गांव
नीरज गुप्ता (45) और विपिन रैदास (35) खेत के पास भैंस चरा रहे थे। बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे शरण ली और आकाशीय बिजली गिरने से दोनों की जान चली गई।
किशनपुर थाना क्षेत्र – अफजलपुर गांव
जगेशरण निषाद (45) भैंस चराते समय पेड़ के नीचे खड़े थे। अचानक बिजली गिरी और उनकी भी मौके पर ही मौत हो गई।
गाजीपुर थाना क्षेत्र – डडीवा गांव
रिटायर्ड रेलकर्मी देशराज (75) मुंडन संस्कार से लौटते वक्त बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे रुके। वहीं पर आकाशीय बिजली गिरने से उनकी मौत हो गई।
थरियांव थाना क्षेत्र – कोर्रा सादात गांव
सना बानो (40) किसी कार्य से जा रही थीं। अचानक आकाशीय बिजली की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
झुलसे लोग और मवेशियों की मौत
अशोथर के प्रेममऊ कटरा गांव में रामचंद्र (35) और लोटन (40) बकरी चरा रहे थे। बारिश के दौरान पेड़ के नीचे खड़े होने पर बिजली गिरी और दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। साथ ही उनकी तीन बकरियां भी मारी गईं। जालंधर गांव में बिजली गिरने से पेड़ के नीचे बंधी दो भैंसों की मौत हो गई।
