लोकतंत्र सवेरा/जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत गोलमुरी हिन्दू बस्ती में सोमवार की देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब एक हॉलसेल रेडीमेड कपड़ा दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही घंटों में पूरा दुकान जलकर राख में तब्दील हो गया।
अहले सुबह जब स्थानीय लोगों ने धुआं उठते देखा, तो तुरंत दुकानदार को सूचना दी गई। लेकिन तब तक सब कुछ जल चुका था कपड़े, फर्नीचर, कैश काउंटर और अन्य सामान राख बन चुके थे।
लोकतंत्र सवेरा की टीम ने सुबह मौके पर पहुंचकर जब दुकानदार से बातचीत की, तो उन्होंने दबे स्वर में बताया —
“कम से कम 20 से 25 लाख रुपए का नुकसान हुआ है…”
हालांकि जब टीम ने यह पूछने की कोशिश की कि आग कैसे लगी, तो दुकानदार ने बात को टालते हुए कहा —
“अभी जाइए, बाद में आइएगा, बात करेंगे।”
जब उनसे पूछा गया कि क्या इसकी सूचना पुलिस को दी गई है, तो उन्होंने अनमने ढंग से जवाब दिया —
हां, थाना को सूचना दिया गया होगा… और क्या ही हो जाएगा सूचना देने से।”
स्थानीय लोगों के अनुसार, दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग या किसी के द्वारा आग लगाने की संभावना जताई जा रही है, लेकिन अब तक इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। फिलहाल आग लगने की वजह एक अनबुझ पहेली बनी हुई है।
Advertisements

Advertisements

