खूंटी। भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को उलिहातु में भव्य श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। समारोह में माननीय राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन तथा जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के मंत्री जुएल ओराम शामिल हुए।

तीनों विशिष्ट अतिथि बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातु पहुंचे, जहां उन्होंने परंपरागत जनजातीय रीति-विधि से पूजा-अर्चना की। इसके बाद धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल, मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा के वंशजों से भी आत्मीय मुलाकात की। उन्हें शॉल ओढ़ाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। मौके पर स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की बड़ी संख्या मौजूद रही।
उलिहातु में आयोजित यह समारोह जनजातीय गर्व और झारखंड की सांस्कृतिक अस्मिता का अद्वितीय प्रतीक बन गया।

