राँची : कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम पर फोन कर परेशान करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में सीएम के प्राइवेट असिस्टेंट जय प्रसाद ने रविवार को गोंदा थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। नकली कॉल कर कहा- अपनी पत्नी को फोन करने के लिए कहें। एफआईआर के अनुसार, मोबाइल नंबर 7439077614 से किसी अनजान व्यक्ति ने खुद को झारखंड का मुख्यमंत्री बताते हुए कॉल किया। शनिवार रात करीब 9:50 बजे कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री को इसी नंबर से फोन कर अनुचित तरीके से बात की गई। जय प्रसाद ने कॉल का ऑडियो रिकॉर्ड एक पेन ड्राइव में पुलिस को सौंप दिया है, जिसमें बातचीत स्पष्ट सुनाई दे रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है और कॉल करने वाले की पहचान के लिए ट्रैकिंग की जा रही है।

ट्रू कॉलर में दिख रहा नाम – ‘अभिजीत न्यू सीम जीम पीटी’
पुलिस जांच में पता चला कि ट्रू कॉलर पर इस नंबर की पहचान – अभिजीत न्यू सीम जीम पीटी के नाम से हो रही है। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने के बाद मामला दर्ज किया गया। एफआईआर में कहा गया है कि यह घटना मुख्यमंत्री की छवि खराब करने का प्रयास प्रतीत होती है, जो गंभीर और निंदनीय है। शिकायत में यह भी बताया गया है कि इससे पहले इसी नंबर या इसी तरीके से राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को भी परेशान किया गया था। शिकायतकर्ता ने कहा है कि झारखंड के सीएम के नाम का दुरुपयोग कर प्रभावशाली व्यक्तियों को फोन पर परेशान करना चिंताजनक है। ऐसे लोगों को जल्द पहचानकर कठोर कार्रवाई की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

