बच्चो के सेहत के साथ खिलवाड़, 10 दिन पहले एक्सपायरी ब्रेड खिलाया गया

झारखंड : चतरा जिला शहर के पकरिया में संचालित नेताजी सुभाषचंद्र बोस आवासीय विद्यालय में शुक्रवार की सुबह बच्चों को नाश्ते में एक्सपायरी ब्रेड परोसे गये. ब्रेड खाते ही दस बच्चे बीमार पड़ गये. बच्चों को अचानक उल्टी, पेट दर्द व सिर दर्द होने लगी. इसके बाद विद्यालय प्रशासन ने आनन-फानन में सभी बीमार बच्चों को अटल क्लिनिक पहुंचाया, जहां बच्चों को इंजेक्शन व दवा दिये गये. कई बच्चों की तबीयत अब भी खराब है. बच्चों के अनुसार उन्हें एक्सपायरी ब्रेड नाश्ते में दिया गया था. कुछ बच्चों ने विरोध करते हुए ब्रेड नहीं खाया, लेकिन इसके बावजूद उन्हें दूसरा नाश्ता नहीं दिया गया. इससे बच्चो को भूखे रहना पड़ा. उन्हें सीधे दोपहर का खाना मिला, बच्चों की शिकायत थी कि कई बार निम्न क्वालिटी का भोजन खिलाया जाता है. ज्ञात हो कि इस विद्यालय में गरीब व अनाथ बच्चे (बालक) पढ़ाई करते हैं. बच्चों के अनुसार नाश्ते में दिया गया ब्रेड 10 दिन पहले ही एक्सपायर हो चुका था. पैकेट में यूज बाई डेट 11 नवंबर-2025 अंकित था, लेकिन ब्रेड 21 नवंबर की सुबह बच्चों के बीच परोसा गया.
इन बच्चों की बिगड़ी तबीयत : एक्सपायरी ब्रेड खाने से दस से अधिक बच्चे बीमार पड़ गये. इनमें कक्षा नवम के प्रियांशु कुमार, कक्षा चार के पप्पू कुमार, मंजीत कुमार, पांच के शिवम कुमार, तीन के इंद्रजीत कुमार, सात के पुष्पक कुमार, आठ के आशीष कुमार, हर्ष कुमार, आयुष कुमार, सत्यम कुमार व अन्य शामिल हैं.
वार्डेन ने कहा : वार्डेन विशाल कुमार ने कहा कि बच्चों ने अधिक ब्रेड खा लिया था. इस कारण हल्का बीमार हो गये थे. अटल क्लिनिक में सभी बच्चों का इलाज कराया गया. अभी सभी बच्चे ठीक है.
डीएसई ने कहा : जिला शिक्षा अधीक्षक रामजी कुमार ने कहा कि पूरे मामले की जांच करायी जायेगी. मामले की जांच में एक्सपायरी ब्रेड बच्चों को खिलाया गया होगा, तो सबंधित लोगों पर कार्रवाई की जायेगी
डीसी ने कहा : उपायुक्त कीर्तिश्री ने कहा कि आपके माध्यम से जानकारी मिली है. बच्चों को एक्सपायरी ब्रेड मामले की तुरंत जांच कराई जाएगी. मामला सही पाए जाने पर संबंधित आपूर्तिकर्ता व अन्य पर कार्रवाई की जाएगी. इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नही की जायेगी।
