नई दिल्ली : भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने एक परामर्श जारी कर नागरिकों से ट्राई डीएनडी ऐप के माध्यम से स्पैम कॉल/एसएमएस की शिकायत करने का आग्रह किया है। परामर्श में कहा गया है कि केवल व्यक्तिगत डिवाइस पर नंबर ब्लॉक करने से स्पैम को स्रोत पर नहीं रोका जा सकता है। ट्राई ने पिछले एक साल में, नागरिकों की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए, स्पैम और धोखाधड़ी वाले संदेश भेजने में शामिल 21 लाख से अधिक मोबाइल नंबरों और लगभग एक लाख संस्थाओं को डिस्कनेक्ट एवं ब्लैकलिस्ट किया है। यह दर्शाता है कि उपयोगकर्ताओं की सामूहिक शिकायतें देश भर में दूरसंचार दुरुपयोग को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।



ट्राई ने यह कार्रवाई आधिकारिक ट्राई डीएनडी ऐप पर नागरिकों की ओर से स्पैम की सूचना मिलने पर की। जब कोई उपयोगकर्ता ट्राई डीएनडी ऐप पर स्पैम कॉल या एसएमएस की सूचना देता है, तो इससे ट्राई और दूरसंचार सेवा प्रदाताओं को मोबाइल नंबरों का पता लगाने, उन्हें सत्यापित करने और स्थायी रूप से डिस्कनेक्ट करने में मदद मिलती है।
