नई दिल्ली : इंडिगो की बड़ी संख्या में फ्लाइट रद्द होने के बाद यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है. यात्रियों की सुविधा के लिए नई स्पेशल ट्रेन सेवाएं शुरू की गई हैं. साथ ही कई प्रीमियम ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी जोड़े गए हैं. फ्लाइट रद्द होने के असर से बढ़ी यात्रा मांग को पूरा करने के लिए भारतीय रेल ने देशभर की 37 प्रीमियम ट्रेनों में 116 अतिरिक्त कोच जोड़ने का भी फैसला लिया है. इन कोचों को 114 अतिरिक्त ट्रिप्स में लगाया जा रहा है. ताकि विभिन्न क्षेत्रों विशेषकर दक्षिण, पूर्वोत्तर और उत्तर भारत में सीटों की उपलब्धता बढ़े.

दक्षिणी रेलवे (एसआर) ने सबसे अधिक संख्या में संवर्द्धन कार्य किए हैं, तथा 18 ट्रेनों की क्षमता में वृद्धि की है. उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि यात्रियों की बढ़ती जरूरतों के मद्देनजर 12425/26 जम्मू राजधानी एक्सप्रेस और 12424/23 डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस में ‘थर्ड एसी’ का एक-एक डिब्बा बढ़ाया गया है.
उपाध्याय ने बताया, “इसी तरह, चंडीगढ़ 12045/46 शताब्दी एक्सप्रेस और 12030/29 अमृतसर शताब्दी एक्सप्रेस में भी एसी चेयर कार का एक-एक डिब्बा बढ़ाया गया है. अधिकारियों ने बताया कि ये बदलाव इन ट्रेन की आगामी सेवाओं से लागू होंगे और समस्या बनी रहने तक जारी रहेंगे. सूत्रों के अनुसार, यात्रियों की मांग में अचानक वृद्धि के कारण रेलवे नयी दिल्ली एवं पटना, मुंबई एवं नयी दिल्ली, अहमदाबाद और नयी दिल्ली के बीच चलने वाली कई ‘प्रीमियम ट्रेन’ में सभी प्रकार के एसी डिब्बों की संख्या बढ़ाने पर काम कर रहा है.
– साउदर्न रेलवे (SR) : सबसे अधिक 18 ट्रेनों में कोच बढ़ाए, 6 दिसंबर से लागू.
नॉर्दर्न रेलवे (NR) : 8 ट्रेनों में चेयर कार और 3AC कोच जोड़े गए.
– वेस्टर्न रेलवे (WR) : 4 प्रमुख ट्रेनों में 2AC और 3AC कोच शामिल किए.
– ईस्ट सेंट्रल रेलवे (ECR) : पटना–दिल्ली (12309) सेवा में 6–10 दिसंबर के बीच अतिरिक्त 2AC कोच.
– ईस्ट कोस्ट रेलवे (ECOR) : भुवनेश्वर–दिल्ली रूट की तीन ट्रेनों में क्षमता बढ़ाई.
– ईस्टर्न रेलवे (ER) : 7–8 दिसंबर को छह ट्रिप्स में अतिरिक्त स्लीपर कोच की व्यवस्था.
नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे (NFR) : 6–13 दिसंबर के बीच दो ट्रेनों में 3AC और स्लीपर कोचों की बढ़ोतरी.
चार स्पेशल ट्रेनें भी संचालित
यात्रियों को राहत देने के लिए भारतीय रेलवे अतिरिक्त स्पेशल सेवाएं भी चला रहा है. रेल मंत्रालय का कहना है कि ये व्यवस्थाएं अचानक उत्पन्न हालात में यात्रियों को सुरक्षित, भरोसेमंद और समयबद्ध कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई हैं.
– गोरखपुर–आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल (05591/05592) : 7 से 9 दिसंबर तक चार ट्रिप्स
– नई दिल्ली–मार्टियर कैप्टन तुषार महाजन वंदे भारत स्पेशल (02439/02440) : 6 दिसंबर
– नई दिल्ली–मुंबई सेंट्रल सुपरफास्ट स्पेशल (04002/04001) : 6 और 7 दिसंबर
– हजरात निजामुद्दीन–तिरुवनंतपुरम सुपरफास्ट स्पेशल (04080) : 6 दिसंबर को एकल ट्रिप
