जमशेदपुर : बैंक इम्प्लाइज तथा अधिकारियों के संयुक्त संगठन यूएफबीयू (UFBU) और बीमा कर्मचारियों के संगठन आईईएजेडी (IEAJD) के संयुक्त तत्वावधान में मोदी सरकार द्वारा बीमा क्षेत्र में 100 प्रतिशत विदेशी निवेश (FDI) को अनुमति देने वाले प्रस्तावित बिल के खिलाफ सशक्त विरोध प्रदर्शन किया गया।

यह विरोध प्रदर्शन बिस्टुपुर स्थित पोस्टल पार्क के समीप आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में बैंक और बीमा क्षेत्र के कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने बीमा क्षेत्र में 100% विदेशी निवेश, सरकारी बैंकों के निजीकरण और जनहित विरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान आयोजित नुक्कड़ सभा को
एआईबीओसी के कामरेड मनोज एवं गौरव,
आईईएजेडी के महासचिव कामरेड सुभाष कर्ण,
बेफी के जिलाध्यक्ष कामरेड सुजय राय,
तथा कामरेड डी.एन. सिंह ने संबोधित किया।
वक्ताओं ने कहा कि बीमा क्षेत्र में 100% विदेशी निवेश की अनुमति देने से देश की सार्वजनिक संपत्तियों पर विदेशी कंपनियों का नियंत्रण बढ़ेगा और कर्मचारियों के साथ-साथ आम जनता के हितों को गंभीर नुकसान पहुंचेगा। उन्होंने सरकार से इस बिल को तुरंत वापस लेने और सार्वजनिक क्षेत्र को मजबूत करने की मांग की।
सभा के अंत में आंदोलन को और तेज करने का संकल्प लिया गया तथा चेतावनी दी गई कि यदि सरकार ने जनविरोधी फैसले वापस नहीं लिए तो देशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।
