जमशेदपुर : राष्ट्रव्यापी महापर्व मकर संक्रांति के पावन अवसर पर सोनारी स्थित दोमुहानी संगम घाट पर दिनांक 14 जनवरी 2026 को आयोजित “दोमुहानी संगम महोत्सव 2026” भव्यता और आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। हिन्दू उत्सव समिति एवं उम्मीद एक अभियान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस दो दिवसीय महोत्सव में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता ने इसे ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।


इस अवसर पर जमशेदपुरवासियों को बनारस एवं हरिद्वार की तर्ज पर माँ स्वर्णरेखा की भव्य आरती का दिव्य दर्शन प्राप्त हुआ, जो इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रहा।
दोपहर से आरंभ हुई विविध सांस्कृतिक गतिविधियाँ……

कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 12 बजे विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ। महोत्सव के अंतर्गत आयोजित मेहंदी प्रतियोगिता में 125 प्रतिभागियों एवं चित्रांकन प्रतियोगिता में 150 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों ने संगम स्थल को जीवंत और रंगीन बना दिया।
भजन संध्या ने बांधा भक्तिमय समां……
प्रतियोगिताओं के पश्चात प्रसिद्ध भजन गायक सोनू दुलरूवा एवं देवेन्द्र पाण्डेय की टीम ने अपनी सुमधुर भक्ति-प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। भजनों की गूंज से संपूर्ण संगम क्षेत्र भक्तिरस में सराबोर हो उठा।

माँ स्वर्णरेखा की भव्य आरती से हुआ समापन……
संध्या बेला में हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में माँ स्वर्णरेखा की भव्य आरती संपन्न हुई। दीपों की रौशनी, हर-हर गंगे के जयघोष और श्रद्धा से भरे वातावरण ने संगम स्थल को अलौकिक आभा प्रदान की।
51,000 दीपकों से जगमगाया संगम तट….
श्रद्धालुओं एवं आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा संगम तट पर 51,000 दीपक प्रज्वलित किए गए, जिससे पूरा क्षेत्र दीपमालिका से आलोकित हो उठा और आध्यात्मिक सौंदर्य का अनुपम दृश्य उपस्थित हुआ।
आयोजन में इनकी रही अहम भूमिका……
कार्यक्रम के सफल आयोजन में हिन्दू उत्सव समिति के अध्यक्ष रवि प्रकाश सिंह, प्रवक्ता सुखदेव सिंह, संरक्षक शिवशंकर सिंह, शंकर रेड्डी, तथा उम्मीद एक अभियान से अमरनाथ सिंह, हेमंत सिंह, अविषेक जी, झरना देवी, शशि दीदी, संतोषी साहू, पूजा एवं दुर्गा देवी की सक्रिय भूमिका रही।
गणमान्य अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति……

महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन उपस्थित रहे। विशेष अतिथियों में माननीय सांसद विद्युत महतो, स्थानीय विधायक सरयू राय, पूर्वी विधानसभा की विधायक पूर्णिमा दास साहू सहित समाजसेवी चन्दन मित्तल, शंभूनाथ, मुकेश मित्तल, आनंद विहारी दुबे, धर्मेंद्र सोनकर, मनोज सिंह, अभिनाश सिंह राजा, मोहित विग, राष्ट्रीय विहिप सरायकेला जिला अध्यक्ष जे. एन. दास, संजय सिन्हा, अश्वनी झा सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
