जमशेदपुर : संजीवन ट्रस्ट के बैनर तले पी.आर. पटेल चे शायर होम अनाथ आश्रम में मकर संक्रांति का पावन पर्व सत्यम संजीवन ट्रस्ट द्वारा अत्यंत सादगी, संवेदना और मानवीय भावनाओं के साथ मनाया गया। इस आश्रम में ऐसे बच्चे और महिलाएं निवास करते हैं जो मानसिक रूप से मंदबुद्धि तथा शारीरिक रूप से दिव्यांग हैं।


मकर संक्रांति के अवसर पर ट्रस्ट के सभी सदस्य आश्रम पहुंचे और वहां रह रहे बच्चों व महिलाओं के बीच चूड़ा, तिलकुट, लाई, चिप्स, बिस्किट्स सहित अन्य खाद्य सामग्री का वितरण कर छोटी-सी खुशियां बांटने का प्रयास किया। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान देखकर ट्रस्ट के सदस्यों की आंखें भी नम हो गईं।
इस अवसर पर सत्यम संजीवन ट्रस्ट की अध्यक्ष कंचन सिंह ने समाज को एक भावुक संदेश देते हुए कहा कि
“ये बच्चे और महिलाएं भी भगवान की बनाई हुई अनमोल कृति हैं। भले ही ये मानसिक और शारीरिक रूप से अस्वस्थ हों, लेकिन इन्हें हम सबके प्यार, अपनापन और भरोसे की सबसे ज्यादा जरूरत है। अगर समाज आगे बढ़कर छोटी-छोटी खुशियां बांटे, तो ये भी अपनी जिंदगी सम्मान और खुशी के साथ जी सकते हैं।”
कार्यक्रम में ओम प्रकाश अग्रवाल, आशा देवी, सरोज सिन्हा, शोभा देवी, संगीता श्रीवास्तव, सुभद्रा कुमारी, सुमित सहित ट्रस्ट के कई सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर यह संकल्प लिया कि भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य लगातार जारी रखे जाएंगे।
