जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात कानून-व्यवस्था पूरी तरह बेबस नजर आई, जब अवैध हब्बा-डब्बा खेल के दौरान हुआ विवाद हिंसक तांडव में तब्दील हो गया। हुरलुंग इलाके में हालात उस वक्त बेकाबू हो गए जब एक युवक ने पहले बाजार में उत्पात मचाया और फिर हवाई फायरिंग कर पूरे क्षेत्र को दहशत में डाल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हुरलुंग पंचायत भवन के पास साप्ताहिक हाट बाजार लगा हुआ था, जहां खुलेआम अवैध हब्बा-डब्बा खेला जा रहा था। इसी दौरान नशे में धुत एक युवक वहां पहुंचा और खेल के संचालकों से किसी बात को लेकर उलझ गया। बात इतनी बढ़ गई कि युवक गुस्से में वहां से चला गया।
लेकिन मामला यहीं नहीं रुका कुछ ही देर बाद युवक ट्रैक्टर लेकर वापस लौटा और आते ही बाजार में खड़ी तीन मोटरसाइकिलों को रौंद डाला। देखते ही देखते बाजार में चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और पूरा मैदान मिनटों में खाली हो गया. इसी दौरान युवक द्वारा हवाई फायरिंग किए जाने की खबर सामने आई है। गोली की आवाज सुनते ही दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई, और पूरे इलाके में सनसनी छा गई।
घटना की सूचना मिलते ही बिरसानगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह हालात को काबू में किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि जब इस मामले में थाना प्रभारी से प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई, तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से छानबीन कर रही है, लेकिन सवाल यह है कि—
👉 खुलेआम अवैध जुआ कैसे चल रहा था?
👉 हथियार कहां से आया?
👉 और पुलिस की नजरों से सब कैसे छुपा रहा?
अवैध जुए, खुले बाजार में हिंसा और फायरिंग की इस घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
