जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में मंदिर की दानपेटी से चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रामनगर रोड नंबर 6 स्थित शिव मंदिर में 22 फरवरी की रात दानपेटी का ताला तोड़कर नकदी उड़ा ली गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए कदमा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान लक्ष्मण जोगी उर्फ बच्ची जोगी के रूप में हुई है, जो कदमा रोड नंबर 6 का ही निवासी है। उसके पास से 11,976 रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, चोरी की पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
कदमा थाना प्रभारी प्रवेश चंद्र सिन्हा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगालने के दौरान आरोपी की पहचान हुई। इसके बाद उसके घर पर छापेमारी की गई, जहां वह रंगे हाथों नोट गिनते हुए पकड़ा गया। पूछताछ में उसने मंदिर की दानपेटी तोड़कर चोरी करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए ही उसने वारदात को अंजाम दिया। उस पर अन्य जगहों पर भी चोरी की घटनाओं में संलिप्तता की जांच की जा रही है. फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।
